टॉप न्यूज़

इस सप्ताह 2-3 डिग्री तक और गिरेगा पारा

फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूरे राज्य में अब सर्दी दस्तक दे चुकी है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गयी है और आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल मंगलवार को महानगर का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री कम है। मौसम विभाग का कहना है कि कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर तापमान में और 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। इस बीच सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन के दौरान मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। हवा की दिशा में भी बदलाव देखा जा रहा है, जिससे उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं राज्य के कई हिस्सों में ठंड का अहसास करा सकती हैं।

कैसा रहेगा उत्तर बंगाल का हाल?

पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों में इस समय तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। उत्तर बंगाल के जिलों जैसे दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कोहरे की घनता अधिक रहने की संभावना है मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह उत्तर बंगाल में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड और बढ़ सकती है, जबकि दिन के समय मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। पिछले 24 घंटे में कोलकाता का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा 50 से 89 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि फिलहाल बंगाल में बारिश की कोई संभावना नहीं है, और पूरी ठंड का असर आने में अभी कुछ दिन बाकी हैं। नागरिकों को सुबह और रात के समय हल्की ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

SCROLL FOR NEXT