मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा विभाग ने जादवपुर यूनिवर्सिटी से पिछले तीन सालों में उसकी एग्जीक्यूटिव काउंसिल द्वारा लिए गए सभी महत्वपूर्ण फैसलों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। विभाग के इस नए पत्र के मिलने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। वीसी चिरंजीब भट्टाचार्य को यह पत्र प्राप्त हो चुका है और इस पर अंतिम जवाब देने से पहले वे अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर विचार-विमर्श करेंगे।
3 सालों के फैसलों का मांगा गया लेखा-जोखा
विभाग ने उन सभी प्रस्तावों का ब्योरा तलब किया है जिन पर इस दौरान काउंसिल ने मुहर लगाई थी। हालांकि वीसी का तर्क है कि सरकारी प्रतिनिधि खुद इन बैठकों में शामिल होते रहे हैं, लेकिन अलग से लिखित विवरण मांगना चर्चा का विषय बन गया है। यूनिवर्सिटी के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब इस तरह का आधिकारिक पत्र भेजा गया है। दूसरी तरफ, शिक्षक संघों ने काउंसिल के फैसलों को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की मांग की है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इसके अलावा, वीसी ने गवर्नर आरएन रवि और शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर अटकी पड़ी काउंसिल की बैठक जल्द बुलाने का आग्रह किया है।