नयी दिल्ली : कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पैरों तले जमीन खिसक चुकी है और उसकी सत्ता स्थायी नहीं है। सरकार के कदमों से उसकी बढ़ती असुरक्षा झलक रही है तथा महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान लोगों का सत्ता के प्रति डर कम हो रहा है।
सोनिया गांधी ने हाल में प्रकाशित अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में यह भी कहा है सरकार के कामकाज से उसकी असुरक्षा झलकती है और देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ अब लोग खुलकर आवाज उठाने लगे हैं। उन्होंने इस पुस्तक देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, लोकतंत्र, विपक्ष की भूमिका और भाजपा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा को लेकर अपने विचार व्यक्त किये हैं।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष का कहना है कि सरकार भले ही अपनी सत्ता और लोकप्रियता बरकरार रहने का दावा कर रही हो, लेकिन उनका मानना है कि राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं। उनके अनुसार मुख्यधारा का मीडिया पहले की तरह पक्षपातपूर्ण बना हुआ है, लेकिन सरकार के कदम उसकी असुरक्षा को प्रदर्शित करते हैं।
उन्होंने पिछले कुछ महीनों में हुए विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि ये चुनाव मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ संबंधी आरोपों का भी जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में सत्तारूढ़ दल चीन द्वारा सीमा पर भारतीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर कब्जा, संघीय सिद्धांतों का उल्लंघन करने वाले विधेयकों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों और नागरिकों की निजता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचता है। उन्होंने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग के अपने परिणाम होते हैं और अंतत: इससे सरकार का पतन होता है।