कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन इसकी वजह बना कालबैशाखी अब और तेज हो सकता है। अलीपुर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार तक तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। सोमवार को शहर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि अन्य दिनों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार बनी रह सकती है।
दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर समेत कई जिलों में गुरुवार तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्धमान और पश्चिम बर्धमान में रविवार और सोमवार को तूफान का असर ज्यादा दिख सकता है।
समुद्र में खतरा, मछुआरों को चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं के कारण समुद्र उफान पर है। मौसम विभाग ने गुरुवार से सोमवार तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में शुक्रवार से रविवार के बीच भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। कूचबिहार में भी तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में गिरावट
राज्यभर में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 19.8°C और अधिकतम 28.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण नमी बढ़ रही है, जिससे पूरे राज्य में आंधी-बारिश के हालात बने हुए हैं।