सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर के कई फ्लाईओवर को लेकर केएमडीए अहम फैसले लेगा। फ्लाईओवर की मरम्मत से लेकर रंगरोगन, सड़क मरम्मत आदि कई कार्य शामिल हैं। केएमडीए के एक अधिकारी ने बताया कि कई फ्लाईओवर का हेल्थ चेकअप किया गया है। शहर के कई फ्लाईओवर का हाल ही में ‘हेल्थ चेकअप’ यानी संरचनात्मक जांच की गई है, जबकि कुछ की जांच प्रक्रिया अभी जारी है। इनकी रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य किये जाएंगे। नवंबर माह से इस पर अमल शुरू किया जाएगा। शहरवासियों को आगामी दिनों में इन कार्यों के कारण कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन दीर्घकालिक दृष्टि से यह कदम जनहित में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई फ्लाईओवर की उम्र अधिक है। हालांकि उनका ढांचा अब भी मजबूत है जबकि कई की कम उम्र के बाद भी कई शिकायतें अक्सर आती हैं। वहीं कई फ्लाईओवर का रंगरोगन किया जायेगा जो काफी समय से नहीं किया गया है। हालांकि एक के बाद एक काम होगा ताकि ट्रैफिक की दृष्टिकोण से लोगों को परेशानी ना हो। रात के समय में काम किया जायेगा।
अहम फ्लाईओवर व ब्रिज
केएमडीए के अधिकारी का कहना है कि केएमडीए के अधीन 50 से अधिक ब्रिज व फ्लाईओवर की नियमित निगरानी व हेल्थ चेकअप कराया जाता है। यह रूटिन वर्क भले ही हो लेकिन सुरक्षा की दृष्टिकोण से बेहद ही अहम है। केएमडीए के अधीन जो अहम फ्लाईओवर व ब्रिज हैं उनमें मां फ्लाईओवर, सियालदह फ्लाईओवर, दुर्गापुर ब्रिज, बिजेन सेतु, कालीघाट ब्रिज, ढाकुरिया ब्रिज, सहित कई अहम ब्रिज शामिल हैं।
मुख्य बातें
मरम्मत, रंग-रोगन और सड़क सुधार पर नवंबर से शुरू होगा काम
ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों की योजना पर काम जारी
फ्लाईओवर की सुरक्षा और टिकाऊपन को लेकर केएमडीए गंभीर