निधि, सन्मार्ग संवाददाता
भाटपाड़ा: भाटपाड़ा नगरपालिका अंतर्गत 35 नंबर वार्ड के श्यामनगर नतुनग्राम इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई है। चोरों ने एक सूने घर का फायदा उठाकर आलमारी तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब घर के सभी सदस्य उत्तर बंगाल की सैर पर गए हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नतुनग्राम निवासी बोल्टी हाल्दार अपने पूरे परिवार के साथ बीते 30 जनवरी को उत्तर बंगाल घूमने गई थीं। घर में कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर शातिर चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। गुरुवार की सुबह जब पड़ोसियों ने घर का मुख्य दरवाजा खुला और टूटा हुआ देखा, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बोल्टी हाल्दार को फोन पर दी।
घर की मालकिन बोल्टी हाल्दार ने सूचना मिलते ही पड़ोसियों के माध्यम से वीडियो कॉल कर घर की स्थिति का जायजा लिया। वीडियो कॉल के दौरान घर का नजारा देख वह दंग रह गईं। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती लकड़ी की आलमारी का लॉक टूटा हुआ था। बोल्टी ने बताया कि आलमारी के लॉकर में रखे लाखों रुपये के सोने और चांदी के जेवरात गायब थे। इसके साथ ही घर में रखी कुछ नकद राशि भी चोर बटोर ले गए हैं।
इस घटना के बाद से श्यामनगर नतुनग्राम इलाके के निवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय पुलिस गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। चोरों को संभवतः इस बात की जानकारी थी कि परिवार लंबे समय के लिए बाहर गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने पहले घर की रेकी की होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही भाटपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पड़ोसियों से पूछताछ की है। पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस चोरी में किसी जान-पहचान वाले या किसी स्थानीय गिरोह का हाथ है।