खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन छत्तीसगढ़ में
ओपन आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : खेल एवं युवा मामले निदेशालय, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन द्वारा जनजातीय युवाओं के लिए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (केआईटीजी) 2026 के प्रथम संस्करण में भाग लेने हेतु राज्य स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। यह आयोजन विशेष रूप से ओपन आयु वर्ग के जनजातीय युवाओं के लिए है, ताकि उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनके विकास के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराया जा सके। पूर्व में यह चयन ट्रायल 6 और 7 जनवरी 2026 को आयोजित किए जाने थे, लेकिन जनजातीय परिषद से प्राप्त अनुरोधों के आधार पर ट्रायल को एक दिन के लिए स्थगित कर पुनर्निर्धारित किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार फुटबॉल पुरुष एवं महिला तथा हॉकी पुरुष एवं महिला वर्ग के ट्रायल 7 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से मॉडर्न स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लापाथी, कार निकोबार में आयोजित किए जाएंगे।
एथलेटिक्स पुरुष एवं महिला तथा वेटलिफ्टिंग पुरुष एवं महिला वर्ग के ट्रायल 8 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से आयोजित होंगे। तैराकी पुरुष वर्ग का ट्रायल 7 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे और महिला वर्ग का ट्रायल 8 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे से नेताजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, श्री विजयापुरम स्थित स्विमिंग पूल में होगा। तीरंदाजी (रिकर्व एवं कंपाउंड) पुरुष एवं महिला वर्ग के ट्रायल 8 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक जनजातीय युवाओं से अनुरोध किया गया है कि वे चयन ट्रायल में अंडमान एवं निकोबार प्रशासन द्वारा जारी मूल अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र एवं उसकी दो स्वप्रमाणित प्रतियां, मूल राज्य निवास प्रमाण पत्र तथा उसकी दो स्वप्रमाणित प्रतियां (आइलैंडर कार्ड, लोकल सर्टिफिकेट आदि) के साथ उपस्थित हों।