महिला मूर्तिकार चाइना पाल प्रतिमा को अंतिम रूप देती हुईं 
टॉप न्यूज़

काउंट डाउन शुरू : कलाकारों की आंखों में नींद और खाने की फुर्सत नहीं

एक अलग ही रफ्तार में कुम्हारटोली, एक ही धुन बसी है “मां आ रही हैं”

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दुर्गापूजा का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। अगले सप्ताह नवरात्रि की शुरुआत हो जाएगी। पंडालों में अब महालया के साथ ही मां दुर्गा की मूर्तियां सजने लगेंगी। अब तो उंगलियों पर गिनने लायक दिन बचे हैं। ऐसे में कोलकाता की कुम्हारटोली जहां देवी दुर्गा की मूर्तियां आकार लेती हैं, एक अलग ही रफ्तार में सांस ले रही है। कलाकारों की आंखों में नींद नहीं और खाने की फुर्सत नहीं। हर हाथ, हर ब्रश, हर स्पर्श में एक ही धुन बसी है “माँ आ रही हैं”। मिट्टी की गंध, रंगों की चमक और श्रम की तपिश में एक आस्था आकार ले रही है, जो जल्द ही पूरे बंगाल को भक्ति और उत्सव के रंग में रंग देगी।

कुम्हारटोली में मूर्तिकार पार्थ पाल प्रतिमा की सजावट में व्यस्त

लोकल से ग्लोबल तक पहुंचीं प्रतिमाएं

प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे एक मूर्तिकार ने कहा कि अभी हमलोगों का एक ही उद्देश्य है प्रतिमा को जल्द से जल्द पूरा करना। अभी हमलोग मुश्किल से दो घंटा सोते हैं। खाने का भी ठीक से समय नहीं मिल पा रहा है। एक मूर्तिकार पार्थ पाल ने कहा कि रात में 2 बजे तक काम होता है। पूरी तरह से अभी व्यस्त हैं। अगले दो चार दिनों में प्रतिमाओं को मंडप में जाना है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा तैयार की गयी प्रतिमाएं कोलकाता, देश के विभिन्न राज्यों यहां तक कि विदेशों में भी भेजी गयी हैं। उनके द्वारा तैयार प्रतिमा दो दिन पहले आस्ट्रेलिया गयी है। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली भी प्रतिमाएं भेजी गयी है। बंगाल के कई पंडालों में भी प्रतिमाएं भेजी जायेंगी। महिला मूर्तिकार चाइना पाल ने कहा कि उनका मूर्ति निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। अंतिम दौर में सजावट का काम चल रहा है। महालया से पंडालों में प्रतिमाएं जानी शुरू हो जायेगी। काम अंतिम दौर में चल रहा है।

SCROLL FOR NEXT