टॉप न्यूज़

राज्य के 56 यूनिवर्सिटी कैंपस पर आयोग की नजर

कैंपस सुरक्षा बढ़ी, बाहरी गतिविधियों पर निगरानी

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग ने शिक्षा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने राज्य के करीब 56 विश्वविद्यालयों पर विशेष निगरानी रखने का फैसला किया है।

इस सूची में कलकत्ता विश्वविद्यालय, जादवपुर विश्वविद्यालय, कल्याणी विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल पशु एवं मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय और बिधान चंद्र कृषि विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख विश्वविद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा आलिया विश्वविद्यालय तथा सॉल्ट लेक के विभिन्न हॉस्टल, गेस्ट हाउस और युवा आवासों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। आयोग को आशंका है कि दूसरे चरण के मतदान से पहले विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों में बाहरी लोगों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

इसी कारण कैंपस और हॉस्टल में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय राजनीतिक दलों ने इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप तेज कर दिए हैं। तृणमूल कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि बाहरी लोगों को लाकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।

SCROLL FOR NEXT