सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि तृणमूल कांग्रेस के कई पूर्व पार्षद आगामी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ सकते हैं। कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों के चुनाव इसी साल होने की संभावना है। भाजपा द्वारा उम्मीदवारों के चयन को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच, भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी ने अब तक नगर निकाय चुनावों के लिए अपनी सूची को अंतिम रूप नहीं दिया है। तृणमूल के कुछ पूर्व पार्षदों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘उम्मीदवार के तौर पर कौन चुनाव लड़ेगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।’’
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने यह भी कहा कि भाजपा ने नगर निकाय चुनावों के लिए संभावित सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं की है। मजूमदार ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा था और उसे शानदार जनादेश मिला था।उन्होंने कहा, ‘‘हमने अब तक किसी भी गठबंधन सहयोगी के साथ सीट-बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं की है।’’ तृणमूल के पूर्व नेताओं को भाजपा द्वारा मैदान में उतारे जाने की अटकलों पर, ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ प्रवक्ता कुणाल घोष ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को एनसीपीआई नेताओं को अपना उम्मीदवार बनाने की चुनौती दी, और तर्क दिया कि ऐसा करने से यह पता चलेगा कि ‘‘भाजपा के पास अपने खुद के पर्याप्त उम्मीदवार नहीं हैं।’’