टॉप न्यूज़

अंडमान-निकोबार पुलिस का 74वां स्थापना दिवस मनाया गया

नशा नियंत्रण और ड्रग विरोधी अभियान

उपलब्धियों और पुरस्कारों की घोषणा

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान और निकोबार पुलिस ने 74वां स्थापना दिवस भव्य और गरिमामय तरीके से मनाया, जिसमें सेवा, पेशेवर प्रतिबद्धता और जन सुरक्षा के प्रति अटूट समर्पण दिखाई दिया। पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित थे। समारोह की शुरुआत भव्य औपचारिक परेड से हुई, जिसमें कार्यकारी पुलिस, आईआरबीएन, अग्निशमन सेवा, पुलिस ब्रास बैंड और लेडीज पाइप बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व उप समादेष्टा/आईआरबीएन नवीन कुमार ने किया, जबकि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने सलामी ली। इस अवसर पर पुलिस स्टेशन हम्फ्रीगंज को द्वीपसमूह का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन घोषित किया गया। उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए 42 पुलिसकर्मियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क प्रदान की गई। डीजीपी ने पुलिस बल और द्वीपवासियों को शुभकामनाएं दीं और कानून व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की सराहना की। स्थापना दिवस पर वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों को भी साझा किया गया। पुलिस स्टेशन पहाड़गांव को डीजीपी/आईजीपी सम्मेलन में देश का दूसरा सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन घोषित किया गया। एनसीआरबी के अनुसार अंडमान-निकोबार ने सीसीटीएनएस/आईसीजेएस प्रगति डैशबोर्ड में सभी केंद्रशासित प्रदेशों में पहला स्थान प्राप्त किया। नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 2025 में 67 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए और 102 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। 74 किलोग्राम गांजा, 49 किलोग्राम मेथामफेटामीन, 2 किलोग्राम कोकीन और 525 अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त की गईं। अब तक का सबसे बड़ा ड्रग नष्टीकरण अभियान चलाकर लगभग 6,000 किलोग्राम मेथामफेटामीन सुरक्षित रूप से नष्ट की गई।

साइबर अपराध नियंत्रण में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई; 1,146 मोबाइल हैंडसेट ब्लॉक, 747 ट्रेस और 425 बरामद किए गए। यातायात सुरक्षा के तहत 33,000 से अधिक चालान जारी किए गए और 1.96 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क को ट्रैफिक शिक्षा एवं सिमुलेशन केंद्र में परिवर्तित कर 6,000 से अधिक बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। समुद्री सुरक्षा में 87 अवैध विदेशी शिकारियों को गिरफ्तार किया गया और 3,127 किलोग्राम संरक्षित समुद्री जीव जब्त किए गए। अग्निशमन एवं आपात सेवा ने 268 अग्निकांड और 833 विशेष सेवाओं में भाग लिया, जिससे लगभग 112 करोड़ रुपये की संपत्ति बचाई गई। अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र को राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण केंद्र घोषित किया गया। समारोह के अंतर्गत आयोजित “एट होम” कार्यक्रम में उपराज्यपाल एडमिरल डी.के. जोशी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। डीजीपी ने सभी सहयोगी एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त किया और द्वीपों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।

SCROLL FOR NEXT