गर्मी से बचाने के लिए बदली डाइट और किये विशेष इंतजाम
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जैसे-जैसे गर्मी का असर बढ़ने लगता है, वैसे-वैसे चिड़ियाघरों में जानवरों की देखभाल की चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अलीपुर जूलॉजिकल गार्डन प्रशासन ने जानवरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। चिड़ियाघर की निदेशक तृप्ति साह ने बताया कि मौसम के अचानक गर्म होने से जानवरों पर सीधा असर पड़ता है, इसलिए उनकी डाइट, पानी और रहने की व्यवस्था में बदलाव किया गया है, ताकि वे गर्मी से सुरक्षित रह सकें।
मौसम के अनुसार बदली जाती है जानवरों की डाइट
चिड़ियाघर की निदेशक के अनुसार मौसम बदलते ही जानवरों के खान-पान में भी बदलाव किया जाता है। सर्दियों में जहां कुछ जानवरों को अधिक कैलोरी वाला भोजन दिया जाता है, वहीं गर्मी शुरू होते ही उसकी मात्रा कम कर दी जाती है। खासकर मांसाहारी जानवरों के लिए संतुलित डाइट बहुत जरूरी होती है। गर्मी के दिनों में उन्हें हल्का और नियंत्रित आहार दिया जाता है, ताकि उनके शरीर पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और वे स्वस्थ रह सकें। इसके साथ ही उनके आहार में मौसमी फल जैसे तरबूज, पपीता आदि भी शामिल किए जाते हैं, जिससे उनके शरीर को ठंडक मिलती है।
गर्मी से बचाव के लिए एन्क्लोजर में विशेष इंतजाम
कुछ जानवर गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। ऐसे में भालू और हाथी जैसे प्राणियों के एन्क्लोजर में विशेष व्यवस्था की जाती है। वहां बर्फ और ठंडक बनाए रखने के उपाय किए जाते हैं, ताकि तापमान नियंत्रित रहे। इससे जानवरों को गर्मी से राहत मिलती है और उनका व्यवहार भी सामान्य बना रहता है। साथ ही कई एन्क्लोजर में जानवरों को गर्मी से राहत देने के लिए कूलर और पंखे भी लगाए गए हैं।
प्यास और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए विशेष तैयारी
गर्मी बढ़ने के साथ जानवरों में प्यास और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए अलीपुर जूलॉजिकल गार्डन प्रशासन ने पहले से ही विशेष तैयारी शुरू कर दी है। जानवरों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए कई एन्क्लोजर में अतिरिक्त पानी के टैंक लगाये गये हैं और छायादार स्थान बनाया गया हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर जानवरों को ओआरएस देने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि उनके शरीर में पानी और लवण की कमी न हो और वे गर्मी के दौरान स्वस्थ रह सकें।
पशु चिकित्सकों की टीम रख रही लगातार निगरानी
चिड़ियाघर में पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों की टीम लगातार जानवरों की सेहत पर नजर रख रही है। किसी भी जानवर में थकान, कमजोरी या गर्मी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत उपचार किया जाता है। प्रशासन का कहना है कि गर्मी के पूरे मौसम में जानवरों की देखभाल को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी, ताकि सभी प्राणी सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें।