टॉप न्यूज़

थरूर ने राहुल की प्रशंसा की, और कहा- मेरा रुख भाजपा के पक्ष में नहीं, भारत के पक्ष में

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को पार्टी के नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक ‘‘ईमानदार’’ व्यक्ति बताया।

तिरुवनंतपुरमः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा कि कुछ मुद्दों पर उनके रुख को मीडिया द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन के रूप में भले ही देखा जाए, लेकिन वह इसे केवल सरकार या भारत के समर्थन के रूप में देखते हैं। थरूर ने राहुल गांधी मिलने के एक दिन बाद उन्हें सांप्रदायिकता के खिलाफ सशक्त आवाज कहा।

थरूर ने कहा कि उन्होंने पहले भी स्पष्ट किया है कि कुछ अंतरराष्ट्रीय मामलों पर उन्हें राजनीति के बारे में बात करना पसंद नहीं है और इसके बजाय वह देश के बारे में बात करना पसंद करते हैं। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद थरूर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘यह कोई नयी बात नहीं है, मैं हमेशा से यही कहता आया हूं।’’

पिछले साल भारत-पाकिस्तान संघर्ष और पहलगाम हमले के बाद की गई राजनयिक पहल पर उनकी टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उनकी टिप्पणियां कांग्रेस के रुख से भिन्न थीं और पार्टी के कई नेताओं ने उनकी मंशा पर सवाल उठाते हुए उन पर निशाना साधा था। थरूर ने पत्रकारों से बातचीत में यह भी स्वीकार किया कि पार्टी के किसी सदस्य को पार्टी की विचारधारा के विरुद्ध नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं संसद में हमेशा पार्टी के साथ खड़ा रहा हूं, इसलिए चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।’’

कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जा रहा

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह स्पष्ट रूप से कह सकते हैं कि वह कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ेंगे, तो थरूर ने कहा, ‘‘मैं कह सकता हूं कि मैं कांग्रेस में ही रहूंगा और कहीं नहीं जा रहा हूं। मैं (केरल में) चुनाव प्रचार का हिस्सा रहूंगा और यूडीएफ की जीत के लिए काम करूंगा।’’ उन्होंने पूछा, ‘‘लेकिन, मुझे इस तरह के बयान देने के लिए क्यों कहा जा रहा है?’’

राहुल गांधी सांप्रदायिकता के खिलाफ ‘सशक्त आवाज’

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को पार्टी के नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक ‘‘ईमानदार’’ व्यक्ति बताया, जो देश में सांप्रदायिकता जैसे विभिन्न मुद्दों पर ‘‘सशक्त आवाज’’ हैं। थरूर ने कहा कि राहुल गांधी को हर कोई पसंद करता है, क्योंकि वह देश में सांप्रदायिकता, नफरत और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ लगातार बोलते रहते हैं। तिरुवनंतपुरम के सांसद ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘इस बारे में मेरी कोई अलग राय नहीं है।’’

थरूर ने यह भी कहा कि उन्होंने राहुल के खिलाफ किसी भी गलत टिप्पणी से कभी सहमति नहीं जताई और कहा, ‘‘वह (राहुल) एक ईमानदार नेता हैं।’’

केरल कांग्रेस के नेताओं से नाराजगी

थरूर ने अपनी शिकायतों के निवारण के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने कहा कि ‘‘सब ठीक है’’ और ‘‘सब एक साथ हैं।’’ थरूर हाल ही में कोच्चि में एक कार्यक्रम में उनके साथ हुए व्यवहार और केरल में कुछ नेताओं द्वारा उन्हें ‘दरकिनार’ करने के प्रयासों से नाराज बताए जा रहे थे।

यह मुलाकात केरल विधानसभा चुनावों से पहले हुई है, जो कांग्रेस के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस पिछले 10 साल से राज्य में विपक्ष में है और इस बार वह जीत हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

SCROLL FOR NEXT