सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा : नए प्रधान के चुनाव को लेकर हंगामा

बीजेपी का प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दक्षिण हावड़ा की तृणमूल संचालित थानमाकुआ ग्राम पंचायत में नए प्रधान के चुनाव के दौरान भारी तनाव देखने को मिला। कुछ दिनों पहले सदस्यों के दबाव के कारण पूर्व प्रधान अली मंडल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच नए प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की। 24 सदस्यों वाली इस पंचायत में दो टीएमसी सदस्यों के ओबीसी प्रमाण पत्र अमान्य होने के कारण उनकी सदस्यता रद्द हो चुकी थी। बाकी 22 सदस्यों में से 12 टीएमसी सदस्यों ने शेखर भौमिक के पक्ष में मतदान किया, जिसके बाद उन्हें नया प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया। इस निर्णय के बाद पंचायत कार्यालय के बाहर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

शेखर भौमिक को चुना गया पंचायत प्रधान

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नए प्रधान का विरोध करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। बीजेपी का आरोप है कि नए प्रधान पर भी भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप हैं, इसलिए उन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि टीएमसी समर्थकों की ओर से कीचड़ और बोतलें फेंकी गईं। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। उधर, हावड़ा जिला परिषद के उपाध्यक्ष तुषार घोष ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी के पास बहुमत नहीं है, तो वह बोर्ड कैसे बना सकती है? उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के दावों की जांच प्रशासन का काम है और यदि किसी को शिकायत है तो वे आधिकारिक तौर पर प्रशासन के समक्ष शिकायत कर सकता है।

SCROLL FOR NEXT