निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : सांकराइल के बटतला इलाके में शुक्रवार की सुबह झाड़ियों के बीच एक वृद्धा का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शांति मलिक (65) के रूप में हुई है। शव की खोपड़ी का बड़ा हिस्सा गायब मिलने से घटना और भी रहस्यमय हो गई है। स्थानीय लोगों ने सुबह झाड़ियों में शव पड़ा देखा, जिसके आसपास खून बिखरा हुआ था। जानकारी के अनुसार शांति मलिक लंबे समय से एक खटाल में रहकर चार गायों की देखभाल करती थी। खटाल से करीब 200 मीटर की दूरी पर उनकी बेटी और दामाद रहते हैं। वह रोज रात को बेटी के घर भोजन करने जाती थी और खाना खाने के बाद वापस खटाल में आकर सोती थी।
मौत की वजह और खोपड़ी गायब होने की जांच शुरू
हालांकि, गुरुवार की रात वह भोजन करने बेटी के घर नहीं पहुंची। शुक्रवार की सुबह शव मिलने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सांकराइल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वृद्धा की मौत कैसे हुई और उसके सिर की खोपड़ी का बड़ा हिस्सा किस परिस्थिति में गायब हुआ। घटना में किसी की संलिप्तता है या यह किसी अन्य वजह से हुआ, इसका पता पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही चल सकेगा। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है।