फिल्म संस्थान में प्रदर्शन के बाद पुलिस तैनात
लगातार आठवें दिन शैक्षणिक बहिष्कार जारी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के अगले दिन सोमवार को भी भारी पुलिस बल तैनात रहा और छात्रों ने सुरक्षा की मांग को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार जारी रखा। छात्र संघ के महासचिव नचिकेत ने स्पष्ट किया है कि जब तक छात्रों को पुख्ता सुरक्षा का भरोसा नहीं मिलता और परिसर पर हमले नहीं रुकते, तब तक पढ़ाई का बहिष्कार जारी रहेगा। छात्रों ने वाइस-चांसलर संतोष अजमेरा और रजिस्ट्रार दीपक कुमार पर RSS समर्थित हमलों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। यह विवाद 27 सितंबर को कैंपस में छात्रों और RSS से जुड़े समूह के सदस्यों के बीच हुई झड़प के बाद भड़का, जिसके विरोध में रविवार को बंगीय हिंदू जागरण मंच ने प्रदर्शन किया था।
छात्रों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की
रविवार की घटना पर चिंता जताते हुए संस्थान प्रशासन ने कहा कि कैंपस के बाहर के लोगों ने मुख्य गेट पर हंगामा किया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। पुलिस के हस्तक्षेप से भीड़ को हटाया गया और इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। वीसी ने कहा कि SRFTI रचनात्मकता का केंद्र है, इसलिए घायल छात्रों को पूरा सहयोग देने के साथ कैंपस की सीमा पर सुरक्षा मजबूत की जा रही है। कैंपस में मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। एक छात्र ने बताया कि उसने कैंपस में छात्रों और फैकल्टी पर पत्थर फेंके जाते देखे, जिसके कारण 28 सितंबर से लगातार आठवें दिन भी शैक्षणिक बहिष्कार जारी है और छात्र दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।