टॉप न्यूज़

SRFTI के बाहर फिर तनाव, गेट तोड़ने की कोशिश पर हुआ हंगामा

पुलिस ने संभाला मोर्चा

Munmun Thakur

छठे दिन भी SRFTI में कक्षाएं रही बंद

मुनमुन, सन्मार्ग संवादाता

कोलकाता : रविवार दोपहर सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट यानी SRFTI के बाहर उस वक्त दोबारा भारी तनाव फैल गया, जब बंगीय हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने संस्थान के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। सूत्रों के अनुसार संगठन द्वारा विरोध प्रदर्शन पिछले सप्ताह 27 सितंबर को कैंपस के भीतर छात्रों के एक समूह और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों के बीच हुई तीखी झड़प के खिलाफ आयोजित किया गया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्र के तहत जब बंगीय हिंदू जागरण मंच के समर्थक संस्थान के मेन गेट के सामने पहुंचे, तो वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें अंदर घुसने से साफ रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान कुछ उग्र प्रदर्शनकारियों ने इंस्टीट्यूट का गेट तोड़ने की कोशिश की। हालात को बेकाबू होने से बचाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।

छात्रों ने गिरफ्तारी की उठाई मांग

इस हिंसक घटना के बाद से SRFTI के छात्रों ने अपना अकादमिक बहिष्कार जारी रखा है, जिसके कारण लगातार छठे दिन भी कक्षाएं नहीं चल सकीं। छात्र मुख्य रूप से यह मांग कर रहे हैं कि 27 सितंबर को हुई झड़प के लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और कैंपस में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हिंसा के बाद से संस्थान में पढ़ाई पूरी तरह ठप है और हालात को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि व्यवस्था और शांति कायम रखी जा सके।

SCROLL FOR NEXT