मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गर्मी ने अभी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च की शुरुआत से पहले ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए महत्वपूर्ण पूर्वानुमान जारी किया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों तक दक्षिण बंगाल में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, जबकि उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में 2 दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को दार्जिलिंग, अलीपुरदुआर और कलिम्पोंग में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दार्जिलिंग में हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं। सोमवार से आसमान साफ होने की संभावना है। उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी पड़ सकता है। अगले तीन दिनों के बाद यहां तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जाएगी।
दक्षिण बंगाल में फिलहाल राहत नहीं
दक्षिण बंगाल के जिलों हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, नदिया तथा पूर्व व पश्चिम बर्दवान में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी।
कोलकाता का तापमान 32 डिग्री के आसपास
कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रात में महसूस होने वाली हल्की ठंड अब लगभग समाप्त हो जाएगी। आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तेज हो सकती है।