सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में गुरुवार से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में अलीपुर माैसम विभाग ने पश्चिमी क्षेत्र के 4 से 6 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। वहीं शुक्रवार यानी आज से अगले 3 दिनों में तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर बंगाल के ऊपरी जिलों में बारिश होगी, लेकिन मालदा, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में मौसम गर्म रहेगा। वहीं शनिवार और रविवार को मालदा में भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी। इस बीच मौसम विभाग ने मानसून के जल्द आने की भविष्यवाणी की है। गुरुवार का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा।
पश्चिमी जिलों में चढ़ सकता है पारा
अलीपुर मौसम विभाग ने अनुसार पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिमी मिदनापुर, पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम में शनिवार और रविवार तक भीषण गर्मी की संभावना जतायी है। वहीं पश्चिमी जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। कोलकाता में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। अगले कुछ दिनों में कोलकाता में तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। उत्तर बंगाल के साथ-साथ दक्षिण बंगाल में भी तापमान बढ़ेगा। इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।