इजराइल के हमले के बाद तेहरान में उठता आग का गोला। 
टॉप न्यूज़

तेहरान दहला, दुबई में भी गूंजा धमाका

संयुक्त अरब अमीरात की सेना ईरान की ओर से दागे जा रहे ड्रोन और मिसाइल से निपटने का प्रयास कर रही है और इन्हीं प्रयासों के दौरान मंगलवार तड़के दुबई में विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं।

Narendra Kumar Singh

दुबईः पश्चिम एशिया में लगातर बढ़ रहे युद्ध के बीच संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को अपना हवाई क्षेत्र संक्षिप्त रूप से बंद कर दिया। हालांकि, यह प्रतिबंध जल्द ही हटा लिया गया। संयुक्त अरब अमीरात की सेना ईरान की ओर से दागे जा रहे ड्रोन और मिसाइल से निपटने का प्रयास कर रही है और इन्हीं प्रयासों के दौरान मंगलवार तड़के दुबई में विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद हवाई क्षेत्र को संक्षिप्त रूप से बंद करने का फैसला लिया गया।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘डब्ल्यूएएम’ ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के हवाले से बताया कि यह प्रतिबंध हालांकि जल्द ही हटा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ‘‘हालात स्थिर’’ हो गए जिसके कारण उड़ानें फिर से शुरू हो गईं। इससे पहले अधिकारियों ने दुबई के लोगों को मिसाइल हमले की चेतावनी जारी की ही थी कि दुबई में धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं क्योंकि सेना हमलों को रोकने के लिए जुट गई थी।

‘डब्ल्यूएएम’ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि ड्रोन हमले के कारण फुजैराह में एक तेल टैंकर फार्म में फिर से आग लग गई हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। हवाई क्षेत्र को लेकर अचानक की गई घोषणा से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि यूएई के अधिकारी संतुलन बनाकर कर काम कर रहे हैं ताकि एमिरेट्स और एतिहाद की उड़ानें जारी रखी जा सकें, जबकि ईरान लगातार देश को निशाना बना कर हमले कर रहा है।

वहीं इजराइली सेना ने मंगलवार तड़के ईरान की राजधानी में बड़े पैमाने पर हमले शुरू करने की घोषणा की और लेबनान में ईरान समर्थित चरमपंथी समूह हिजबुल्ला पर भी हमले तेज कर दिए। इजराइल ने ईरान की ओर से दो हमलों की सूचना मिलने के बाद इन नए हमलों की घोषणा की।

SCROLL FOR NEXT