दुबईः ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार को एक बड़ा धमाका हुआ। वहीं, इजराइली सेना ने कहा कि वह शहर के केंद्र को निशाना बना रही है। इस विस्फोट से आसमान में धुएं का विशाल गुबार उठते हुए देखा गया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि किस संस्थान को निशाना बनाया गया था। वहीं उससे पहले ईरान ने इजराइल और अमेरिका के मित्र राष्ट्रों पर मिसाइल से हमले किये।
ऐसा प्रतीत होता है कि विस्फोट उस इलाके में हुआ, जहां देश का पुलिस मुख्यालय और ईरानी सरकारी टेलीविजन स्थित है। इजराइली सेना ने बताया कि वह मध्य तेहरान में ठिकानों को निशाना बनाकर हमला कर रही है। सेना ने कहा कि युद्ध के पहले दिन तेहरान तक जाने का रास्ता साफ किया और दूसरे दिन वह मध्य तेहरान पर हमला कर रही है।
ईरान ने इजराइल और अन्य देशों पर दागीं मिसाइलें
ईरान ने रविवार को इजराइल और खाड़ी अरब देशों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं। इजराइल और अमेरिका के हमले में अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु के बाद उसने दोनों देशों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का संकल्प जताया है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान हमले तेज नहीं करे, वरना अमेरिका ‘‘ऐसी ताकत के साथ जवाब देगा जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा।’’ ईरान ने शनिवार को तेहरान स्थित खामेनेई के कार्यालय पर हुए इजराइल-अमेरिका के हवाई हमले में 86 वर्षीय खामेनेई की मौत हो गई। इस घटना के बाद इस्लामी गणराज्य के भविष्य पर सवालिया निशान लग गया है और क्षेत्रीय अस्थिरता का खतरा बढ़ गया है।
ईरान के मंत्रिमंडल ने संकल्प जताया है कि इस ‘‘अपराध का जवाब जरूर दिया जाएगा’’ और अर्धसैनिक ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने इजराइली एवं अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए अब तक का अपना ‘‘सबसे तीव्र आक्रामक अभियान’’ शुरू करने की धमकी दी। उन्होंने कहा, ‘‘आपने सीमाएं लांघ दी हैं और आपको इसकी कीमत चुकानी होगी। हम आपको ऐसा करारा जवाब देंगे कि आप खुद रहम की भीख मांगने पर मजबूर हो जाएंगे।’’
इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान की रक्षा परिषद की बैठक को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में ईरान के सैन्य प्रमुख और रक्षा मंत्री मारे गए। हमले के दौरान बैठक में शामिल जनरल अब्दोल रहीम मूसावी और रक्षा मंत्री जनरल अजीज नासिरजादेह की मौत हो गई। इससे पहले ईरान ने रविवार सुबह ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के प्रमुख और सुरक्षा सलाहकार अली शमखानी की मौत की घोषणा की थी।