File Photo 
टॉप न्यूज़

शिक्षक भर्ती : सुप्रीम कोर्ट से अतिरिक्त समय मांगेगा SSC

31 अगस्त तक नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करना संभव नहीं

कोलकाता : राज्य में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर स्कूल सर्विस कमीशन सुप्रीम कोर्ट का रुख करने की तैयारी में है। तय समय सीमा में पूरी प्रक्रिया समाप्त करना संभव नहीं होने के कारण कमीशन शीर्ष अदालत से अतिरिक्त समय मांगने जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक इस बार आयोग पहले की तुलना में अधिक समय देने का अनुरोध करेगा। इसके लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं और जल्द ही याचिका दायर की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने पहले शिक्षक भर्ती पूरी करने के लिए 31 दिसंबर 2025 तक की समय सीमा तय की थी। बाद में एसएससी की अपील पर इसे बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दिया गया। 2016 की शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं के चलते अप्रैल 2025 में करीब 26 हजार शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों की नियुक्तियां रद्द कर दी गयी थीं।

इसके बाद अदालत ने योग्य उम्मीदवारों को नई नियुक्ति होने तक वेतन के साथ काम जारी रखने की अनुमति दी थी। एसएससी ने सितंबर 2025 में नई भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। 11वीं-12वीं के 33 विषयों में से 21 की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है और उम्मीदवारों को सिफारिश पत्र दिये गये हैं।

कई उम्मीदवारों का पुलिस सत्यापन भी पूरा हो चुका है, लेकिन नियुक्ति पत्र अभी नहीं मिला है। इसके अलावा 365 उम्मीदवारों के दस्तावेज सत्यापन को स्थगित किया गया है। 14 अगस्त से शुरू होने वाली 12 विषयों की काउंसलिंग भी टाल दी गयी है। ऐसे में 31 अगस्त तक भर्ती प्रक्रिया पूरी को करना लगभग असंभव प्रतीत हो रहा है।

SCROLL FOR NEXT