टॉप न्यूज़

T20 विश्व कपः शुरुआती झटकों से उभरते हुए न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान हराया

टिम सीफर्ट के तेजतर्रार अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में रविवार को यहां अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।

चेन्नईः टिम सीफर्ट के तेजतर्रार अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में रविवार को यहां अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।

अफगानिस्तान के 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर सीफर्ट की 42 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 65 रन की पारी की बदौलत 17.5 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।

सीफर्ट ने ग्लेन फिलिप्स (42 रन, 25 गेंद, सात चौके, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 गेंद में 74 रन की साझेदारी भी की जिससे न्यूजीलैंड की टीम दूसरे ओवर में 14 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद वापसी करने में सफल रही।

अफगानिस्तान ने अनुभवी गुलबदिन नायब (63 रन, 35 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के शानदार अर्धशतक और सेदिकुल्लाह अटल (29 रन, 24 गेंद) के बीच उनकी तीसरे विकेट की 51 गेंद में 79 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 182 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्युसन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 40 रन देकर दो विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड को स्पिनर मुजीब उर रहमान (31 रन पर दो विकेट) ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (01) और रचिन रविंद्र (00) को लगातार गेंदों पर बोल्ड करके दोहरा झटका दिया। सीफर्ट ने इसके बाद फिलिप्स के साथ मिलकर पारी को संभाला। उन्होंने ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी की गेंद पर छक्के के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। फिलिप्स ने अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान को निशाना बनाते हुए उनकी लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा।

राशिद ने फिलिप्स को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि नवी ने सीफर्ट को अजमतुल्लाह उमरजई के हाथों कैच कराके अफगानिस्तान को वापसी दिलाने की कोशिश की।

मार्क चैपमैन (28), डेरिल मिचेल (नाबाद 25) और कप्तान मिचेल सेंटनर (नाबाद 17) ने हालांकि न्यूजीलैंड की जीत सुनिश्चित की।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाजी के सामने मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

SCROLL FOR NEXT