कूचबिहार : बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती वाम मोर्चा सरकार ने राजबंशी लोगों की जमीन का मालिकाना हक कथित तौर पर अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को सौंपकर उन्हें उनकी जमीन से वंचित कर दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में मूल निवासियों द्वारा बोली जाने वाली राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कर आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया जाएगा। शुभेंदु अधिकारी ने कूचबिहार में राजबंशी और कामतापुरी संगठनों के विभिन्न प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद ये बयान दिए। बैठक में भूमि के मालिकाना हक, सांस्कृतिक पहचान, शिक्षा, वित्तीय सहायता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ी मांगों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बैठक के दौरान कई प्रतिनिधियों ने इस बात पर दुख जताया कि उनके परिवारों के पास कभी इस क्षेत्र में बड़े भूखंड थे, लेकिन धीरे-धीरे उन ज्यादातर जमीनों पर उनका मालिकाना हक खत्म हो गया। उन्होंने कहा कि पीढ़ियों से यहां रह रहे मूल निवासियों को उनकी जमीन से वंचित कर दिया गया।’’ माकपा के नेतृत्व वाली पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भूमि सुधारों और बटाईदारी कानूनों के लागू होने के कारण मूल निवासियों का अपनी पैतृक संपत्तियों पर नियंत्रण खत्म हो गया। उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए तत्कालीन माकपा सरकार मुख्य रूप से जिम्मेदार है। भूमि सुधार अधिनियम और बटाईदारी के प्रावधानों को लागू करने के नाम पर मूल निवासियों की जमीन उनसे लेकर बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम प्रवासियों को सौंप दी गई।’’
राज्य में वाम मोर्चा 34 साल तक सत्ता में रहा था। उसने 1977 से 2011 तक शासन किया।मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अब इन चीजों को बदला नहीं जा सकता, लेकिन भविष्य में जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, वे निश्चित रूप से उठाए जाएंगे।’’ इन आरोपों पर माकपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुजान चक्रवर्ती ने आरोपों को निराधार बताते हुए मुख्यमंत्री को उनके समर्थन में दस्तावेज पेश करने की चुनौती दी। चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘इन आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। अगर उन्हें ऐसा लगता है तो वे दस्तावेज पेश करें। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी कई आश्वासन दिए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। जरूरत पड़ने पर उन आयोगों को फिर से सक्रिय करें, लेकिन यह भी बताएं कि पहले गठित आयोग अपनी रिपोर्ट क्यों नहीं सौंप सके।’’