दिल्ली के सफदरजंग इलाके में दिल्ली ज्यूडिशियल सर्विसेज के अधिकारी अमन कुमार शर्मा (30) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, जहां उनकी मौत फांसी लगने से हुई बताई जा रही है।
पुलिस को घटना की सूचना PCR कॉल के जरिए मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस ने किसी साजिश से इनकार नहीं किया है और सभी एंगल से जांच की जा रही है।
वहीं, परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अमन पिछले दो महीनों से मानसिक तनाव में थे और उन्होंने उत्पीड़न की शिकायत भी की थी।
परिजनों के अनुसार, घटना की रात अमन ने अपने पिता को फोन कर कहा था कि वह बहुत परेशान हैं और जीना मुश्किल हो गया है। बताया जा रहा है कि उस रात पत्नी के साथ उनका विवाद भी हुआ था।
अमन कुमार शर्मा 2021 में दिल्ली ज्यूडिशियल सर्विसेज में शामिल हुए थे और हाल ही में कड़कड़डूमा कोर्ट में DLSA के फुल-टाइम सेक्रेटरी के तौर पर तैनात थे।
पुलिस ने कहा है कि सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।