टॉप न्यूज़

सुरेंद्रनाथ लॉ कॉलेज में अटेंडेंस का पेंच, परीक्षा फॉर्म रुका

सुबह 6 बजे क्लास पर छात्रों ने जताया विरोध

अटेंडेंस विवाद पर गवर्निंग बॉडी करेगी फैसला

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सुरेंद्रनाथ लॉ कॉलेज में कम अटेंडेंस के कारण सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया रोक दी गई है। बुधवार को कॉलेज परिसर में छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने क्लास का समय सुबह 8:30 बजे से बदलकर सुबह 6:00 बजे कर दिया था। इतनी सुबह कोलकाता मेट्रो का संचालन नहीं होने के कारण कई छात्र समय पर कॉलेज नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी उपस्थिति 40 % से कम हो गई। छात्रों का यह भी कहना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी और शिक्षकों के नियमित क्लास नहीं लेने की शिकायत उन्होंने पहले ही कलकत्ता यूनिवर्सिटी के कुलपति से की थी, जिसके बाद समय में यह बदलाव किया गया था।

कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के आरोप किए खारिज

दूसरी ओर, कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के सभी आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि क्लास के समय में बदलाव की नोटिस पिछले साल जुलाई से ही वेबसाइट पर उपलब्ध थी। प्रशासन के अनुसार इसके बावजूद कई छात्रों की अटेंडेंस संतोषजनक नहीं पाई गई है, जिसके चलते उन्हें परीक्षा से रोकने की बात सामने आई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, आगे का निर्णय लेने के लिए गुरुवार को कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष और बैरकपुर से विधायक कौस्तभ बागची के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक तय की गई है। इसी उच्च स्तरीय बैठक के कारण गुरुवार को होने वाली फॉर्म भरने की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT