मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सुरेन्द्रनाथ लॉ कॉलेज में 40% अटेंडेंस की कमी के कारण छात्रों को परीक्षा से रोके जाने पर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कॉलेज में कोई कक्षा आयोजित नहीं की गई क्योंकि वहां एक भी शिक्षक मौजूद नहीं था। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन के पास उपस्थिति दर्ज करने का कोई पारदर्शी सिस्टम ही नहीं है, जिसके कारण उन पर लगाया गया अनुपस्थिति का यह नियम पूरी तरह से गलत और मनगढ़ंत है। गत गुरुवार की पूरी रात छात्रों द्वारा घेराव किए जाने के बाद वाइस प्रिंसिपल मोहम्मदी तरन्नुम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें मुक्त किया गया। अगले दिन मीडिया के सामने आकर उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि उन्हें जबरदस्ती और जान से मारने की धमकी देकर वह इस्तीफा पत्र साइन करवाया गया था, जिसका ड्राफ्ट खुद छात्रों ने तैयार किया था। इसके विपरीत, छात्र इन तमाम दावों को सरासर झूठ बता रहे हैं और उनका कहना है कि ऑनलाइन पोर्टल पर कभी कोई रिकॉर्ड अपडेट नहीं किया गया।
आज सीयू के अधिकारियों से मिलेंगी वाइस प्रिंसिपल
घर से ही कामकाज संभाल रही वाइस प्रिंसिपल ने इस गंभीर संकट से निपटने के लिए कलकत्ता यूनिवर्सिटी के अधिकारियों से संपर्क साधा है। उन्होंने मंगलवार को यूनिवर्सिटी के अधिकारियों से मिलकर इस मामले पर एक उच्चस्तरीय बैठक का समय मांगा है, ताकि सभी प्रभावित छात्र आगामी परीक्षाओं में बिना किसी बाधा के शामिल हो सकें। दूसरी ओर, कक्षाओं के संचालन को लेकर असमंजस बरकरार है और छात्र अब भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिससे कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है।