टॉप न्यूज़

जेयू में अचानक टली बैठक, शिक्षकों में आक्रोश

6 अगस्त को नहीं होगी शिक्षक प्रमोशन की बैठक

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जादवपुर यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक फैसलों ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। 4 महीनों के लंबे अंतराल के बाद बुलाई गई एग्जीक्यूटिव काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक को नोटिफिकेशन जारी होने के ठीक एक दिन बाद अचानक टाल दिया गया है। इस घटनाक्रम से यूनिवर्सिटी में चर्चाओं का बाजार गर्म है और शिक्षकों का एक वर्ग काम बंद करने की चेतावनी दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पिछली बैठक 4 अप्रैल को हुई थी। टीचर्स एसोसिएशन और सदस्यों की लगातार मांग के बाद, गुरुवार को उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव को राज्य सरकार का प्रतिनिधि मनोनीत किया गया था। इसके बाद 6 अगस्त को शाम 4 बजे बैठक तय की गई थी, जिसका मुख्य एजेंडा शिक्षकों का प्रमोशन था, जिस पर राज्य सरकार ने 15 जुलाई को नोटिफिकेशन जारी किया था, लेकिन 1 अगस्त को अचानक नोटिफिकेशन जारी कर बैठक स्थगित कर दी गई। शिक्षकों को ईमेल के जरिए बताया गया कि विशेष परिस्थितियों के कारण बैठक टाली जा रही है और नई तारीख बाद में बताई जाएगी। अचानक लिए गए इस फैसले से शिक्षकों में भारी रोष है और वे विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्य प्रणाली पर कड़ा विरोध जता रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT