टॉप न्यूज़

NEET पेपर लीक के खिलाफ कोलकाता में छात्रों का प्रदर्शन

प्रेसीडेंसी से मेडिकल कॉलेज तक शिक्षा न्याय की आवाज हुई बुलंद

परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता की मांग

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : NEET प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर कोलकाता के छात्रों ने भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सोमवार की सुबह प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी के पोर्टिको में छात्रों ने सांकेतिक भूख हड़ताल शुरू की। उनका कहना था कि यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन और परीक्षा प्रणाली में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुटता जताने के लिए किया गया है। इस आंदोलन में प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी के साथ कोलकाता मेडिकल कॉलेज के छात्र भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उनका मानना है कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा विवादों से छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है, जिसे बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

छात्रों ने अपने बयान में कहा कि शिक्षा किसी भी देश के भविष्य की नींव है, इसलिए इसमें भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की। शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित इस सांकेतिक धरने और भूख हड़ताल के माध्यम से छात्रों ने शिक्षा सुधार और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा का संदेश दिया।

SCROLL FOR NEXT