मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में उच्च माध्यमिक परीक्षा का तीसरा सेमेस्टर वर्तमान में सुचारू रूप से चल रहा है, जिसके तहत उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित ढुलाई और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने एक नया ‘डिपैच रिपोर्ट फॉर्म’ जारी किया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों को यह अनिवार्य रूप से निर्देश दिया गया है कि वे उत्तर पुस्तिकाओं के बक्से भेजने से जुड़ी सभी जानकारी इस निर्धारित प्रपत्र में दर्ज करें और इसे कोलकाता, वर्धमान, मिदनापुर तथा उत्तर बंगाल के संबंधित क्षेत्रीय उप सचिव को भेजें। इस प्रक्रिया के तहत परीक्षा और प्रेषण की तारीख, जिस डाकघर से बक्सा भेजा गया उसका नाम, बुकिंग रसीद संख्या, विषयवार भेजे गए पैकेटों की कुल संख्या और प्रत्येक पैकेट पर मौजूद टॉप शीट के सीरियल नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां लिखित रूप में दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।
परीक्षा के आंकड़े और समय से जुड़ी मुख्य गाइडलाइंस
संसद के इन कड़े सुरक्षा उपायों के बीच इस वर्ष तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में कुल 7,18,620 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं, जिनमें 3,15,731 छात्र और 4,02,889 छात्राएं शामिल हैं। ये परीक्षाएं राज्य भर के 2,105 परीक्षा स्थलों और 825 मुख्य केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं, जहाँ प्रत्येक कमरे में हर 20 परीक्षार्थियों पर दो वीक्षकों को तैनात किया गया है। परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, और संसद ने सभी विद्यार्थियों को यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले यानी सुबह 10:00 बजे तक अपने निर्धारित केंद्रों पर अनिवार्य रूप से पहुँच जाएं ताकि प्रवेश प्रक्रिया और व्यवस्था सुचारू रूप से पूरी की जा सके।