नई दिल्ली : मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG की पुनर्परीक्षा से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था बच्चों और उनके माता-पिता के धैर्य की परीक्षा ले रही है।
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि नागपुर के एक छात्र को परीक्षा से एक दिन पहले अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने पर परीक्षा केंद्र अबू धाबी आवंटित मिला।
उन्होंने कहा कि छात्र के पास न तो पासपोर्ट है और न ही विदेश जाने की तैयारी के लिए पर्याप्त समय। राहुल ने दावा किया कि इस स्थिति से छात्र मानसिक तनाव में आ गया और उसने परीक्षा देने से इनकार करने की बात कही।
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब एक छात्र को उसके अपने शहर में परीक्षा केंद्र नहीं दिया जा सकता और उसे विदेश भेजने जैसी स्थिति बन जाती है, तो ऐसी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा, "बच्चों के भविष्य के साथ जुआ खेलना बंद होना चाहिए। छात्रों को एक संवेदनशील, जिम्मेदार और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है।"
कांग्रेस नेता ने अपने हालिया छात्र सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में छात्रों पर बढ़ते दबाव और अनिश्चितताओं को लेकर चिंता बढ़ रही है।
वहीं, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस मामले पर कहा है कि छात्र की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। एजेंसी के अनुसार, जरूरी सत्यापन के बाद छात्र को अगले कुछ घंटों में नागपुर में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा।