टॉप न्यूज़

हाई कोर्ट के आदेश पर एसएससी ने किया अमल

आरक्षित श्रेणी की सूची में संशोधन

शामिल हुए 165 नए उम्मीदवार, 140 बाहर

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कक्षा 9वीं और 10वीं के शिक्षकों की भर्ती के मामले में एसएससी (स्कूल सर्विस कमिशन) ने हाई कोर्ट के आदेश पर अमल किया है। इस वजह से आरक्षण सूची में संशोधन किया गया है। हाई कोर्ट के आदेश के तहत उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी या जाति प्रमाणपत्र में संशोधन करने का अवसर मिला है। इस वजह से इंटरव्यू के लिए बनायी गई सूची में काफी फेरबदल हुआ है।

SSC की तरफ से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सामान्य, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) तथा दिव्यांग श्रेणियों में किए गए संशोधनों के कारण कट-ऑफ मार्क्स में परिवर्तन हुआ है। इसके परिणामस्वरूप 140 उम्मीदवारों के लिए कट-ऑफ मार्क्स घट गया है और इस वजह से उनके नाम संशोधित सूची से बाहर हो गए हैं। वहीं दूसरी तरफ 165 नए उम्मीदवारों को इंटरव्यू सूची में स्थान मिला है। आयोग ने संशोधित कट-ऑफ मार्क्स के आधार पर नई प्रारंभिक इंटरव्यू सूची जारी की है। यह सूची रिक्तियों और उम्मीदवारों के बीच 1:1.6 के अनुपात को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी और संतुलित बनी रहे।

दस्तावेज सत्यापन के लिए 40 हजार अभ्यर्थियों को बुलावा

9वीं और 10वीं कक्षाओं के लिए कुल 23,209 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए लगभग 40,000 उम्मीदवारों को इंटरव्यू से पहले दस्तावेजों के सत्यापन हेतु बुलाया गया है। आयोग का कहना है कि सूची में यह बदलाव पूरी तरह से कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप किया गया है। SSC अधिकारियों के अनुसार, संशोधित सूची के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया जारी रहेगी और योग्य उम्मीदवारों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंटरव्यू में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT