शृंगला, निकम, सदानंदन और मीनाक्षी जैन 
टॉप न्यूज़

शृंगला, निकम, सदानंदन और मीनाक्षी जैन राज्यसभा के लिए मनोनीत

गृह मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना

नयी दिल्ली : पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्द्धन शृंगला, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, केरल से भाजपा के नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।

देर रात जारी की गयी अधिसूचना

गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात जारी एक अधिसूचना में कहा कि राष्ट्रपति ने इन चार व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। अधिसूचना में कहा गया कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (1) के उप-खंड (ए) द्वारा प्रदत्त शक्तियों के साथ-साथ उस अनुच्छेद के खंड (3) के तहत राष्ट्रपति मनोनीत सदस्यों की सेवानिवृत्ति के कारण उत्पन्न रिक्तियों को भरने के लिए उज्ज्वल देवराव निकम, सी सदानंदन मास्टर, हर्षवर्द्धन शृंगला और डा. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत करती हैं।

कौन हैं मनोनीत सदस्य

शृंगला ने अमेरिका और थाइलैंड में भारत के राजदूत और बांग्लादेश में उच्चायुक्त के रूप में भी कार्य किया है। भारतीय विदेश सेवा के 1984 बैच के अधिकारी शृंगला ने 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता के लिए मुख्य समन्वयक के रूप में भी कार्य किया था। निकम जानेमाने वकील हैं और मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में सरकारी वकील के रूप में काम कर चुके हैं। भाजपा ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में मुंबई उत्तर मध्य सीट से पार्टी उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा था। सदानंदन मास्टर केरल के कन्नूर ज़िले में 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार थे। वे पूर्व शिक्षक हैं। वर्ष 1994 में कथित तौर पर उनके प्रतिद्वंद्वियों ने उनके दोनों पैर काट दिये थे। मीनाक्षी जैन दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में व्याख्याता रहीं। वे पद्मश्री से सम्मानित हैं। उन्होंने भारतीय इतिहास, देश की सभ्यता और ब्रिटिश शासन के दौरान स्वदेशी शिक्षा और भाषाओं पर कई किताबें लिखी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा के लिए मनोनीत चारों सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

SCROLL FOR NEXT