टॉप न्यूज़

भूस्खलन के कारण श्री विजयपुरम के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति बाधित

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : 24 मई से लगातार बारिश के कारण सिप्पीघाट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ, जिससे धनिखारी बांध से निकलने वाली दो प्रमुख ग्रेविटी पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इनमें प्रभावित पाइपलाइनों 500 मिमी व्यास वाली डक्टाइल आयरन (डी.आई.) लाइन जो गराचरमा जल उपचार संयंत्र को कच्चा पानी आपूर्ति करती है और 500 मिमी व्यास वाली कास्ट आयरन (सी.आई.) पाइपलाइन जो लांबा लाइन में पुराने संयंत्र को कच्चा पानी आपूर्ति करती है, शामिल हैं। बाद में इसकी मरम्मत के लिए जलापूर्ति बंद कर दी गयी। मरम्मत कार्य न होने के कारण शहर के कई हिस्सों में जलापूर्ति की समस्याएं पैदा हो गईं। मालूम हो कि 26 मई को लांबा लाइन और गराचरमा जल उपचार संयंत्रों द्वारा सेवा प्रदान किए जाने वाले क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हुई, जिसमें पुलिस लाइन, ऑल इंडिया रेडियो और राची बस्ती कमांड टैंक शामिल हैं। ऐसे में मंगलवार को भी इन इलाकों में आंशिक आपूर्ति बाधित रहीं। द्वीप प्रशासन ने श्री विजयपुरम नगर पालिका के अधिकारियों को आवश्यक उपाय करने के लिए सतर्क किया है। इस बीच प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए जवाहर सरोवर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी के टैंकर भेजे जाएंगे। निवासियों से पानी बचाने और सामान्य आपूर्ति बहाल होने तक उपलब्ध आपूर्ति का विवेकपूर्ण तरीके से उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

SCROLL FOR NEXT