टॉप न्यूज़

ऑस्टिनाबाद मंदिर क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू

23 व 24 फरवरी को रहेगा मार्ग परिवर्तन

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम :दक्षिण अंडमान जिला प्रशासन ने देवी श्री मुथुमारियम्मन मंदिर, ऑस्टिनाबाद में 15 से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित वार्षिक पूजा के मद्देनज़र 23 एवं 24 फरवरी को विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की अधिसूचना जारी की है। जिला दंडाधिकारी, दक्षिण अंडमान द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा प्रशासन की पूर्व अधिसूचना के तहत यह आदेश जारी किया गया है, ताकि मंदिर क्षेत्र के आसपास यातायात सुचारु रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। जारी आदेश के अनुसार 23 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक प्रोथरापुर जंक्शन, मज़ारपहाड़ जंक्शन, न्यू पहाड़गांव और कॉर्बिन्स चौक जंक्शन से देवी श्री मुथुमारियम्मन मंदिर, ऑस्टिनाबाद की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इस दिन पत्थरगड्डा जंक्शन से ओल्ड सपना थिएटर होते हुए कॉर्बिन्स चौक तक जाने वाला मार्ग वाहनों के लिए खुला रहेगा। भातुबस्ती से ब्रुकशाबाद या चक्करगांव जाने वाले तथा वहां से आने वाले वाहन पत्थरगड्डा जंक्शन से कॉर्बिन्स चौक की ओर ओल्ड सपना थिएटर मार्ग का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार 24 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक प्रोथरापुर जंक्शन और कॉर्बिन्स चौक जंक्शन से मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस दिन भी पत्थरगड्डा जंक्शन से ओल्ड सपना थिएटर होते हुए कॉर्बिन्स चौक तक का मार्ग यातायात के लिए खुला रहेगा तथा ब्रुकशाबाद और चक्करगांव की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करना होगा। उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को पवित्र अग्नि पर चलने की रस्म तथा 24 फरवरी को महा अन्नदान का आयोजन किया जाएगा, जिसके कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिस व यातायात कर्मियों का सहयोग करें।

SCROLL FOR NEXT