सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दीघा के जगन्नाथ मंदिर में अक्षय तृतीया के दिन विशेष पूजा अर्चना होगी। अक्षय तृतीया पर ही मंदिर का उद्घाटन हुआ था। इसके साथ ही दीघा जगन्नाथ मंदिर में अब भगवान चैतन्य और निताई की प्रतिमाएं भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा के बगल में स्थापित की जाएंगी। अक्षय तृतीया को मंदिर की वर्षगांठ के अवसर पर, आध्यात्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दीघा जगन्नाथ धाम, जो भक्ति और आस्था का केंद्र है, अब आध्यात्मिक मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। पिछले वर्ष अक्षय तृतीया के दिन मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खोले गए थे।
उद्घाटन के बाद से, पिछले एक वर्ष में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु इस मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। अक्षय तृतीया के अगले दिन मंदिर के उद्घाटन की वर्षगांठ को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों द्वारा यह विशेष व्यवस्था की गई है। सूत्रों के अनुसार, वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सुबह से विशेष पूजा-पाठ आयोजित किए जाएंगे। बांग्ला नववर्ष के अवसर पर दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। विदेशी श्रद्धालुओं द्वारा भक्तिमय मंत्रोच्चार के साथ-साथ जगन्नाथ धाम में शास्त्रीय नृत्यों का भी आयोजन किया जायेगा है। जगन्नाथ धाम ट्रस्ट के सदस्य राधा रमण दास ने बताया कि नव वर्ष और अक्षय तृतीया के अवसर पर मंदिर की वर्षगांठ के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जगन्नाथ देव का चैतन्य महाप्रभु से विशेष संबंध है।