मैड्रिड : स्पेन ने ईरान से जुड़े संघर्ष में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। यह घोषणा रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स ने सोमवार को की।
रोबल्स ने स्पष्ट किया कि अमेरिका को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि वह स्पेन में स्थित संयुक्त सैन्य अड्डों का उपयोग पश्चिम एशिया में जारी सैन्य अभियानों के लिए नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा, “न तो इन अड्डों के इस्तेमाल की अनुमति है और न ही ईरान युद्ध से संबंधित किसी भी कार्रवाई के लिए स्पेन के हवाई क्षेत्र का उपयोग किया जा सकेगा।”
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के नेतृत्व वाली सरकार पश्चिम एशिया में इज़राइल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाइयों की खुलकर आलोचना करती रही है।
स्पेन का यह कदम मौजूदा संघर्ष में एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक संकेत माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।