टॉप न्यूज़

IPL में साउथ अफ्रीकी विकेटकीपर का बड़ा कारनामा, किया यह कमाल

अपने नाम किया खास रिकॉर्ड

नई दिल्ली - 24 मई को खेले गए IPL 2025 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ में पहुंच चुकी पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर के शानदार अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 207 रनों का लक्ष्य 3 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया और इस जीत के साथ उन्होंने अपना सीजन समाप्त किया।

दिल्ली की जीत में समीर रिजवी की आक्रामक पारी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स 14 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद लौटे। बल्लेबाजी के अलावा स्टब्स ने विकेटकीपिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पंजाब के 3 खिलाड़ियों के कैच पकड़े और एक को स्टंप आउट कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया।

पंजाब के खिलाफ किया कमाल

यह जानकर हैरानी हो सकती है कि ट्रिस्टन स्टब्स ने IPL में पहली बार विकेटकीपिंग करते हुए ही शानदार प्रदर्शन किया और पंजाब के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसी के साथ उन्होंने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। स्टब्स दिल्ली कैपिटल्स की ओर से एक ही मैच में सबसे ज्यादा विकेट के पीछे शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए। उन्होंने इस मामले में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

IPL के एक मैच में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर

दिनेश कार्तिक - 4 (IPL 2009)

ऋषभ पंत - 4 (IPL 2024)

ट्रिस्टन स्टब्स - 4 (IPL 2025)

ऐसा रहा IPL 2025 में प्रदर्शन

दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स IPL 2024 से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 14 मुकाबलों की 13 पारियों में कुल 378 रन बनाए थे। इस सीजन भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा, जहां उन्होंने 50 की औसत और 150 के स्ट्राइक रेट से 13 पारियों में 300 रन बनाए। हालांकि, उनकी टीम इस बार प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी। IPL करियर में अब तक स्टब्स के नाम 705 रन दर्ज हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। टी20 क्रिकेट की बात करें तो स्टब्स 136 मैचों में 2800 से ज्यादा रन बना चुके हैं।

SCROLL FOR NEXT