निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : प्राकृतिक आपदा के दौरान मोबाइल और अन्य संचार सेवाएं बाधित होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारु रखने के उद्देश्य से सोदपुर में हैम रेडियो के माध्यम से विशेष आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान एक साथ 10 अस्थायी रेडियो स्टेशन स्थापित कर विभिन्न स्टेशनों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान किया गया। रविवार सुबह सोदपुर रेलवे पार्क शिशु उद्यान में आयोजित इस संयुक्त अभ्यास में छात्रों और छात्राओं ने स्वयं अस्थायी हैम रेडियो स्टेशन तैयार किए। एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक संदेश भेजने के साथ राहत सामग्री पहुंचाने से संबंधित सूचना के आदान-प्रदान का भी अभ्यास किया गया।
वैकल्पिक संचार व्यवस्था को लेकर संयुक्त मॉक ड्रिल
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ की द्वितीय बटालियन के कम्युनिकेशन अधिकारी, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी, अन्य सरकारी अधिकारी तथा पानीहाटी नगर प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब और आईएसीडीएम के प्रशिक्षित सदस्यों के अलावा विभिन्न जिलों में आपदा प्रबंधन कार्य से जुड़े सिविल डिफेंस के सदस्य भी शामिल हुए। वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के सचिव अंबरिश नाग विश्वास ने बताया कि आपदा के समय संचार व्यवस्था बनाए रखने में हैम रेडियो अत्यंत उपयोगी साबित होता है। इस अभ्यास का उद्देश्य नई पीढ़ी को मानसिक और तकनीकी रूप से आपदा की परिस्थितियों के लिए तैयार करना तथा केंद्र और राज्य स्तर की आपदा प्रबंधन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।