फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

सोदपुर ब्रिज पर सोमवार से फिर थमेगी रफ्तार, 'लोड टेस्टिंग' के लिए 4 दिनों तक बंद रहेगा आवागमन

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

सोदपुर: उत्तर 24 परगना के पानीहाटी क्षेत्र के निवासियों के लिए एक जरूरी खबर है। मरम्मत कार्य के लिए लंबे समय तक बंद रहने के बाद हाल ही में खोले गए सोदपुर ब्रिज को एक बार फिर यातायात के लिए बंद किया जा रहा है। इस बार ब्रिज को 'लोड टेस्टिंग' (भार क्षमता की जांच) के लिए अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

सोमवार रात से लागू होगी पाबंदी

सोदपुर ट्रैफिक अधिकारी कुमारेश घोष ने बताया कि ब्रिज आगामी सोमवार की रात 10 बजे से गुरुवार की सुबह 6 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। मरम्मत के बाद ब्रिज कितना भार सहने में सक्षम है, इसका तकनीकी परीक्षण करने के लिए विशेषज्ञों द्वारा यह लोड टेस्टिंग की जाएगी। इस दौरान किसी भी वाहन को ब्रिज पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी।

यात्री ध्यान दें: वैकल्पिक रास्तों का करें उपयोग

ब्रिज बंद रहने के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन किया गया है:

  • रूट डायवर्जन: बीटी रोड पर वाहनों को गिरिजा मोड़ की ओर मोड़ दिया जाएगा।

  • विकल्प: बीटी रोड और कल्याणी हाईवे से घोला की ओर जाने वाले यात्री 6 नंबर और 8 नंबर रेल गेट के रास्ते का उपयोग कर पाएंगे।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके। गुरुवार सुबह 6 बजे के बाद ब्रिज को पुनः सामान्य यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT