नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों पर कथित आपत्तिजनक वीडियो बनाने को लेकर विवादों में आई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
श्रद्धा सिंह ने प्रदर्शन स्थल से एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह नीले रंग की वर्दी पहने बैठे RAF जवानों के सामने खड़ी होकर एक टॉयलेट क्लीनर के विज्ञापन की शैली में संवाद बोलती नजर आई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना हुई और कई लोगों ने इसे सुरक्षा बलों का अपमान बताया।
विवाद बढ़ने पर श्रद्धा सिंह ने माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य RAF जवानों का मजाक उड़ाना नहीं था। उन्होंने बताया कि वीडियो पोस्ट करने के कुछ ही समय बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने करीब एक घंटे के भीतर इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
माफी मांगते हुए श्रद्धा सिंह ने कहा, "मैंने इतनी भी बड़ी गलती नहीं की है कि आप लोग मुझे गालियां दें।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पेड मीम पेज उनके वीडियो को जानबूझकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा रहे थे।
NDTV से बातचीत में श्रद्धा ने कहा, "मैंने RAF जवानों का मजाक उड़ाने के लिए वीडियो नहीं बनाया था। मैंने देखा कि उन्होंने नीली वर्दी पहन रखी थी और मैंने लाल कपड़े पहने थे। उसी समय मुझे एक विज्ञापन का ख्याल आया और मैंने वह रील बना दी। इसमें कोई दुर्भावना नहीं थी।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के दबाव में वीडियो नहीं हटाया गया था। उनके अनुसार, "मुझे व्यक्तिगत रूप से बुरा लगा, इसलिए मैंने वीडियो हटाकर माफी वाला वीडियो पोस्ट किया।"
श्रद्धा सिंह ने यह भी दावा किया कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
इंस्टाग्राम पर तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाली श्रद्धा सिंह उन कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स में शामिल थीं, जिन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में CJP के नेतृत्व वाले आंदोलन में हिस्सा लिया था।
श्रद्धा सिंह के इंस्टाग्राम पर तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनके माफीनामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।