बस में अचानक धुंआ देख मची अफरा-तफरी 
टॉप न्यूज़

चलती बस में अचानक निकला तेज धुआं, घबराए यात्रियों में मची भगदड़

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : घाटाल से हावड़ा आ रही एक चलती बस में अचानक धुआं उठने से यात्रियों के बीच भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। यह घटना बस के कोलाघाट क्षेत्र में प्रवेश करने से ठीक पहले हुई। चलती बस के भीतर अचानक धुआं भरता देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और हर कोई जल्द से जल्द बाहर निकलने के लिए आपाधापी करने लगा।

खिड़कियों से कूदकर जान बचाने की कोशिश, बड़ा हादसा टला

धुआं तेजी से बढ़ता देख बस के दरवाजे पर यात्रियों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया। घबराहट के कारण कई यात्री बस की खिड़कियों से ही छलांग लगाकर सड़क पर कूद पड़े। हालांकि, गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के गंभीर रूप से हताहत होने की खबर नहीं है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, यांत्रिक जांच पर उठे सवाल

बस में अचानक धुआं निकलने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक अनुमान के तौर पर इसे किसी यांत्रिक खराबी या शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद वाहन की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। इस अप्रत्याशित हादसे ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन की बसों की नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

SCROLL FOR NEXT