प्रदर्शन करते लोग  
टॉप न्यूज़

हावड़ा : पूर्व मंत्री के घर के सामने लगे नारे !

विधायक ने कहा- डीएम को पहले ही दी थी जानकारी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा मध्य क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब राज्य के पूर्व मंत्री एवं तृणमूल विधायक अरूप राय के आवास के सामने कुछ लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विधायक के घर के सामने स्थित एक गोदाम से मैटाडोर में भरकर बड़ी मात्रा में तिरपाल, कंबल, पीपीई किट तथा अन्य राहत सामग्री हटाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने वाहन को रोक दिया और गोदाम की जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गरीबों में वितरण के लिए रखी गई सरकारी सहायता सामग्री लंबे समय से गोदाम में जमा थी।

अनावश्यक विवाद खड़ा करने का लगाया गया आरोप

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस भी हुई। हालांकि विधायक अरूप राय ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ईद और पूजा के अवसर पर जरूरतमंद लोगों के लिए मिलने वाली राहत सामग्री का अधिकांश वितरण किया जा चुका था। शेष सामग्री को जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी कार्यालय भेजने की तैयारी चल रही थी, जिसकी जानकारी पहले ही प्रशासन को दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने कार्य में बाधा डालकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कर्मियों ने ऐसा किया है।

SCROLL FOR NEXT