टॉप न्यूज़

SIR सुनवाई खत्म : 80 लाख तक नाम कटने की आशंका

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) की सुनवाई प्रक्रिया समाप्त होते ही मतदाता सूची को लेकर बड़ी आशंका सामने आई है। आयोग के सूत्रों का दावा है कि सुनवाई में गैरहाजिर रहे 6 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम अब कट जाएंगे। लॉजिकल गड़बड़ियों और ‘अनमैप्ड’ श्रेणी के मामलों को जोड़ने पर यह आंकड़ा 80 लाख से भी अधिक पहुंच सकता है। अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जानी है।

6 लाख से अधिक गैरहाजिर

सूत्रों के मुताबिक, जिन मतदाताओं को नोटिस भेजा गया था लेकिन वे ERO के सामने पेश नहीं हुए, उनके नाम कट जाएंगे। यह संख्या 6 लाख से अधिक बताई जा रही है और इसे लगभग तय माना जा रहा है। सुनवाई चरण में अनुपस्थिति ही मुख्य वजह है।

80 लाख से ज्यादा नाम कटने की आशंका

ड्राफ्ट लिस्ट प्रकाशित होने के बाद करीब 58 लाख नाम पहले ही बाहर बताए गए थे। यदि 6 लाख गैरहाजिर मतदाताओं को जोड़ा जाए तो संख्या 64 लाख हो जाती है। इसके अलावा, ‘अनमैप्ड’ और लॉजिकल गड़बड़ी वाले मामलों में करीब 10 प्रतिशत और नाम कट सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस तरह कुल आंकड़ा 80 लाख से अधिक तक पहुंच सकता है।

दस्तावेज़ न देने पर कार्रवाई

आयोग ने सुनवाई के दौरान 13 निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत करना अनिवार्य किया था। लेकिन कई मतदाता निर्धारित दस्तावेज़ जमा नहीं कर पाए और उसकी जगह पैन कार्ड या अखबारी कटिंग जैसे कागजात जमा किए। ऐसे मामलों में भी नाम कटने की संभावना है।

अपील का मौका रहेगा

अगर किसी मतदाता का नाम कट जाता है तो उसे नोटिस भेजकर कारण बताया जाएगा। प्रभावित मतदाता पांच दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के पास आवेदन कर सकते हैं। वहां से राहत नहीं मिलने पर अगले पांच दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय में अपील की जा सकती है।

28 फरवरी को अंतिम सूची

फिलहाल स्क्रूटनी की प्रक्रिया जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की मंजूरी के बाद ही 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। तब तक लाखों मतदाताओं की स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।

SCROLL FOR NEXT