झारखंड के छात्र सार्थक सिद्धांत एक बार फिर चर्चा में हैं। CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के बाद अब उन्होंने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से जुड़ा बड़ा काम करने का दावा किया है। सार्थक के मुताबिक, उन्होंने अपनी टीम के साथ भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से जारी उत्तर प्रदेश की 6.8 लाख PDF फाइलों को सर्च किए जा सकने वाले डिजिटल फॉर्मेट में बदल दिया है।
सार्थक सिद्धांत ने बताया कि इस काम के लिए उनकी टीम ने ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (OCR) तकनीक का इस्तेमाल किया। इसके जरिए निर्वाचन आयोग की ओर से प्रकाशित मतदाता सूची की स्कैन की गई PDF फाइलों को डिजिटल डेटा में बदला गया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि इसमें 2024 लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची, दोनों SIR मतदाता सूचियां और 2027 की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट शामिल हैं।
सार्थक के अनुसार, उनकी टीम ने कुल 6.8 लाख PDF फाइलों को प्रोसेस कर लगभग 54.8 करोड़ रिकॉर्ड को एक व्यवस्थित डेटाबेस में बदला है। इसके तहत उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए अलग-अलग टेबल तैयार की गई हैं। इससे मतदाता सूची में नाम खोजना, किसी विशेष प्रविष्टि की जांच करना और अलग-अलग संशोधन चक्रों की सूचियों की तुलना करना आसान हो सकता है। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने अभी तक उनके इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने इस वर्ष अप्रैल में उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियां ऑनलाइन प्रकाशित की थीं, लेकिन ये फाइलें मुख्य रूप से स्कैन की गई PDF के रूप में उपलब्ध थीं। ऐसे में किसी व्यक्ति का नाम खोजना, मतदाता विवरण की पुष्टि करना या अलग-अलग वर्षों की सूचियों में बदलाव की तुलना करना काफी मुश्किल था। राजनीतिक दलों और मतदाताओं की ओर से आलोचना के बाद आयोग ने 17 राज्यों में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूचियां 'रीडेबल PDF फॉर्मेट' में उपलब्ध कराने का फैसला किया।
सार्थक सिद्धांत इससे पहले CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को उजागर करने के कारण सुर्खियों में आए थे। उन्होंने अपने परीक्षा परिणाम में अंकों की विसंगतियां देखने के बाद बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त की और मूल्यांकन प्रक्रिया की जांच शुरू की। इस दौरान उन्होंने CBSE की मूल्यांकन प्रणाली और उससे जुड़े टेंडर दस्तावेजों का भी अध्ययन किया।
इसके बाद सार्थक ने अपनी जांच के निष्कर्ष संसद की शिक्षा संबंधी स्थायी समिति के सामने प्रस्तुत किए। अब उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों को डिजिटल और सर्चेबल बनाने के उनके दावे ने एक बार फिर तकनीक के जरिए सार्वजनिक डेटा को अधिक सुलभ बनाने की संभावनाओं पर चर्चा शुरू कर दी है।