नदी कटाव का फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

श्यामपुर में फिर नदी कटाव, 40 फीट बांध हुगली में समाया

दो सप्ताह पहले भी 200 फीट बांध नदी में समा गया था

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : श्यामपुर-1 ब्लॉक के बेलाड़ी ग्राम पंचायत के बासुदेवपुर में हुगली नदी के किनारे एक बार फिर कटाव शुरू हो गया है। शनिवार रात भाद्र महीने के कोटाल के दौरान नदी के बांध का करीब 40 फीट हिस्सा पानी में समा गया। घटना के बाद इलाके में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। रविवार सुबह सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की। गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पहले भी इसी इलाके में लगभग 200 फीट बांध नदी में समा गया था।

डीप चैनल की दूरी घटने से बढ़ रहा बांध पर दबाव

इसके बाद सिंचाई विभाग ने कटाव रोकने के लिए बांस के पिंजरे लगाने, ईंट के टुकड़ों से भरी बोरियां डालने और जियो-शीट से नदी किनारे को ढकने का काम शुरू किया था। इसके बावजूद शनिवार रात दोबारा कटाव शुरू हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, केवल बांध की मरम्मत से स्थायी समाधान संभव नहीं है। नदी में ड्रेजिंग यानी गाद निकालने की जरूरत है। सूत्रों के मुताबिक, करीब डेढ़ वर्ष पहले पश्चिमी किनारे से डीप चैनल की दूरी लगभग 550 फीट थी, जो अब घटकर करीब 140 फीट रह गई है। इससे बांध पर नदी का दबाव बढ़ रहा है। सोमवार को पोर्ट प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के बीच इस मुद्दे पर बैठक होने की संभावना है। इस क्षेत्र में पहले भी कटाव हो चुका है। साल 2022 में पूर्व बासुदेवपुर में करीब 150 मीटर बांध नदी में समा गया था।

SCROLL FOR NEXT