टॉप न्यूज़

विधानसभा में हंगामे के बाद शुभेंदु निलंबित

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कार्यवाही में कथित रूप से बाधा डालने के लिए विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने मंगलवार को विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को निलंबित कर दिया। सत्र बंगाली प्रवासियों के कथित उत्पीड़न की निंदा करने वाले प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बुलाया गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में बंगाली भाषी प्रवासियों पर कथित हमलों से जुड़े निंदा प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान, अधिकारी खड़े हो गए और शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु को भारतीय सेना के बारे में कथित रूप से 'अपमानजनक' टिप्पणी करने के लिए टोक दिया। भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मांग की कि बसु की टिप्पणियों को कार्यवाही से निकाल दिया जाए, जिसे अध्यक्ष ने अस्वीकार कर दिया। विमान बनर्जी ने कहा, “भाषण में बार-बार बाधा डालने और अपनी सीट छोड़ने के कारण मैं आपको दिन भर के लिए निलंबित करने के लिए बाध्य हूं।” इस पर सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों ने मेजें थपथपाकर इसका समर्थन किया। चर्चा के दौरान, बसु ने आरोप लगाया कि सेना ने मेयो रोड पर गांधी प्रतिमा के पास तृणमूल कांग्रेस के ‘विरोध पंडाल’ को हटा दिया। विधानसभा के गेट के बाहर अधिकारी ने सत्तारूढ़ पार्टी पर पलटवार करते हुए दावा किया कि उन्हें “अनैतिक तरीके से बाहर निकाला गया है”। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मुझे निलंबित कर दिया गया क्योंकि मैंने बसु की भारतीय सेना के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का विरोध किया था। हम चाहते हैं कि उन टिप्पणियों को हटा दिया जाए।”

SCROLL FOR NEXT