मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शिष्टाचार के तहत वामफ्रंट के चेयरमैन बिमान बोस को आगे बैठने का अनुरोध करतीं 
टॉप न्यूज़

दिखी शालीनता : सीएम ने बिमान बोस को आगे की सीट पर बैठाया

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राजनीति में भले ही प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन शिष्टाचार और व्यक्तिगत सम्मान के मामले में आपसी आदर में कोई कमी नहीं रहती। यह परंपरा आज भी कायम है। गुरुवार को लोकभवन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका एक बार फिर उदाहरण पेश किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शालीनता का परिचय देते हुए वामफ्रंट के चेयरमैन बिमान बोस को पीछे से बुलाकर आगे की सीट पर बैठाया। मौका था नये राज्यपाल आर. एन. रवि के शपथ ग्रहण समारोह का। समारोह के दौरान बिमान बोस दूसरी पंक्ति की सीट पर बैठे थे। जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नजर पर पड़ी, तो उन्होंने सीधे कहा, “बिमान दा, पीछे क्यों? आप आगे आ जाइए।” उन्होंने उनसे आगे की पंक्ति में बैठने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं पहल करते हुए उन्हें आगे की सीट पर बैठाया, जिसे राजनीतिक शिष्टाचार और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। इस तरह राजनीतिक मतभेदों के बावजूद व्यक्तिगत सम्मान और सौजन्य का एक सुंदर उदाहरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री के ठीक पास वाली सीट मंत्री फिरहाद हकीम की थी। हालांकि वे कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन किसी विशेष काम से थोड़ी देर के लिए बाहर चले गए थे। वहीं खाली सीट पर मुख्यमंत्री ने विमान बोस को लाकर बैठाया।

SCROLL FOR NEXT