निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर ब्लॉक अंतर्गत टाउनशिप पंचायत इलाके में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गृहवधू ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रधान उत्पल बसाक पर सरकारी जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये और सोने के जेवर हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, करीब 10 साल पहले तत्कालीन टीएमसी प्रधान उत्पल बसाक ने उन्हें सरकारी जमीन दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में महिला ने अपनी बेटी की शादी के लिए बचाकर रखे सोने के गहने और नकदी सहित कुल मिलाकर करीब 6.5 लाख रुपये की संपत्ति आरोपी नेता को सौंप दी थी।
लंबे समय बाद भी जब जमीन नहीं मिली और आरोपी नेता ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया, तो महिला हताश हो गई। हाल ही में राज्य में हुए राजनीतिक उलटफेर (सत्ता परिवर्तन) के बाद पीड़िता ने एक बार फिर आरोपी पूर्व प्रधान से संपर्क किया। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद टीएमसी नेता ने कथित तौर पर महिला को 'जो करना है कर लो' की धमकी दी। इस बात से आहत होकर गृहवधू बुधवार को आरोपी नेता के घर के सामने पहुंची और खुद पर केरोसिन तेल डालकर आत्महत्या की कोशिश की। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दूसरी ओर, पूर्व प्रधान उत्पल बसाक ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है। फिलहाल, फुलिया पुलिस चौकी में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस घटना की जांच कर रही है।