उद्धव शिवसेना में बड़ी सेंध : 20 में से 14 विधायक शिंदे के संपर्क में  फोटो इंटरनेट से
टॉप न्यूज़

उद्धव शिवसेना में बड़ी सेंध : 20 में से 14 विधायक शिंदे के संपर्क में, ठाकरे ने बुलाई इमरजेंसी बैठक

6 सांसदों के बाद 14 विधायक भी शिंदे खेमे की ओर, उद्धव ने शिवालय में आपात बैठक बुलाकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश तेज की

6 बागी सांसदों के बाद अब 14 विधायक भी एकनाथ शिंदे के साथ जाने को तैयार हैं. इस खबर से उद्धव गुट में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने इमरजेंसी बैठक बुलाई है। शिवसेना यूबीटी के बागी सांसदों के बाद अब विधायकों पर भी टूट का खतरा मंडरा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव के 14 विधायक भी एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। सेंधमारी की चर्चा के बीच उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 2:30 बजे शिवालय में विधायकों की अहम बैठक बुलाई । जानकारी के मुताबिक, दोपहर 12 बजे सेंधमारी के मुद्दे पर चर्चा भी की थी। 

एकनाथ शिंदे का ऑपरेशन टाइगर सफल होता नजर आ रहा है। सांसदों के बाद अब उद्धव के विधायकों पर भी उनकी नजर है। ये उद्धव के लिए दोहरी परेशानी है। महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के 20 विधायक हैं। अगर 14 विधायक टूटकर शिंदे गुट में शामिल हो जाते हैं तो उद्धव के पास सिर्फ 6 विधायक बचेंगे। 

सांसदों के बाद विधायकों में भी सेंधमारी -सूत्र

शिंदे गुट ने उद्धव के सांसदों के बाद अब विधायकों में भी सेंधमारी कर दी है। यूबीटी के 6 बागी सांसद दिल्ली में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। उद्धव के सामने अब सांसदों को संभालने के साथ ही विधायकों पर नजर बनाए रखने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

20 में से 14 विधायक उद्धव गुट से अलग होने को तैयार

सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना यूबीटी के 20 में से 14 विधायक अलग गुट बनाने या शिंदे गुट में शामिल होने की तैयारी में हैं। इस बात की भनक ठाकरे गुट को लग चुकी है, इसीलिए उन्होंने अपने आवास पर इमरजेंसी बैठक बुलाई है। ठाकरे गुट को अब विधायकों की सेंधमारी की चिंता सता रही है। अगर सांसदों के साथ ही विधायक भी शिंदे गुट के साथ चले जाते हैं तो महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा भूचाल देखने को मिल सकता है।

'सांसदों के आने से महायुति और मजबूत होगी'

शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने शिवसेना(UBT) के कई सांसदों के आज शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने की संभावना पर कहा कि इससे महायुति मजबूत होगी और केंद्र में NDA की सरकार मजबूत होगी।  सब यही चाहते हैं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मजबूत हो। देश की तरक्की को इन लोगों के समर्थन से और मजबूती मिल पाएगी।

SCROLL FOR NEXT